नेपा लिमिटेड में धूमधाम से मनाई गई धरती आबा बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती

जनजातीय गौरव वर्ष 2025 के तहत निबंध प्रतियोगिता, व्याख्यान और आकाशवाणी विशेष वार्ता का आयोजन

नेपानगर। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय के उपक्रम नेपा लिमिटेड के ऑडिटोरियम में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती जनजातीय गौरव वर्ष 2025 के अंतर्गत गरिमामय रूप से मनाई गई। संस्था ने इस अवसर पर सामाजिक उत्तरदायित्व और समावेशी विकास के प्रति अपने संकल्प को पुनः दृढ़ किया। कार्यक्रम में निबंध प्रतियोगिता, व्याख्यान तथा आकाशवाणी खंडवा से विशेष रेडियो वार्ता का प्रसारण शामिल रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य सतर्कता अधिकारी विनीत कुमार भारतीय राजस्व सेवा, सेवासदन महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. अभिलाषा पांडेय, नेपा मिल श्रमिक संघ के अध्यक्ष प्रवीण सोनी तथा प्रबंधक पेपर मशीन कुमार देशमुख ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा के तेल चित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

अतिथि वक्ता प्रोफेसर डॉ. अभिलाषा पांडेय का स्मृतिचिह्न और अभिनंदन पत्र भेंटकर सम्मान किया गया।

मुख्य सतर्कता अधिकारी विनीत कुमार ने अपने संबोधन की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए की। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने जनजातीय सभ्यता, संस्कृति और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए जो अलख जगाई, वह आज भी प्रेरणा का शाश्वत स्रोत है। उनके जल-जंगल-जमीन के आंदोलन ने आदिवासी समाज की अस्मिता को नई पहचान दी और संघर्ष की वह लौ आज भी जनमानस को दिशा देती है।
इसके बाद उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डिजिटल-विकर्षण वाले समय में युवा तेजी से ड्रग्स, तंबाकू, धूम्रपान, ई-सिगरेट, वेपिंग और पार्टी कल्चर की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे मानसिक अस्थिरता, आर्थिक नुकसान और पारिवारिक तनाव बढ़ रहे हैं। युवाओं को स्वस्थ और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

प्रोफेसर डॉ. अभिलाषा पांडेय ने राष्ट्र और समाज के उत्थान में जनजातीय नायक-नायिकाओं के योगदान पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने बिरसा मुंडा के साथ टंट्या मामा भील, खूमा नायक, भीमा नायक, खाज्या नायक, रानी दुर्गावती, वीरांगना ऊदा देवी, हीरासिंह डोंगरिया सहित मालवा–निमाड़ और देशभर के जनजातीय जननायकों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि ये सभी भारत की सांस्कृतिक अस्मिता और स्वतंत्रता के अमर प्रहरी रहे हैं। उन्होंने जल-जंगल-जमीन के संरक्षण तथा जनजातीय गौरव को स्थापित करने में बिरसा मुंडा की ऐतिहासिक भूमिका पर भी प्रभावी चर्चा की। इससे पूर्व जन संपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे की तैयार की गई विशेष रेडियो वार्ता आकाशवाणी खंडवा से प्रसारित की गई।

कार्यक्रम में निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रथम पुरस्कार – ऋतिका भमोरे, कार्यालय उप महाप्रबंधक द्वितीय पुरस्कार – सीएन वर्मा, उप प्रबंधक पावर हाउस तृतीय पुरस्कार – नीलेश महाजन, डी-इंकिंग संयंत्र सहभागिता सम्मान – वेदांत वाघमारे, नेपा चिकित्सालय सहभागिता सम्मान – विक्रांत बरने, यांत्रिकी विभाग

कार्यक्रम संचालन जन संपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने किया। आभार औद्योगिक संरक्षा विभाग के कंसल्टेंट किशन पटेल ने व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्रबंधक गुणवत्ता नियंत्रण राजेंद्र जाधव, प्रबंधक यांत्रिकी महेंद्र केसरी, प्रबंधक अनुरक्षण विजय चौधरी, उप प्रबंधक पावर हाउस सुधीर कुमार पटले, उप प्रबंधक सतर्कता विजयेंद्र चौधरी, सहायक प्रबंधक विजय भामरे, देवेंद्र पांडेय, राजेंद्र चौधरी, रामबिलास रघुवंशी, अनिल कुमार अहीरे, आशुतोष मिश्रा, मुकेश चौहान, आभा महतो, संजय पवार, सुनील राँव, मोहिंदर यादव, अनीस मंसूरी, आदित्य तिवारी, काजोल बुग्गीवाला, मीना श्रीवास्तव, ईशान व्यास, संदीप माले, सपना दुबे, वर्षा पाटिल, अदिति मतलाने, पंकज गुर्जर, गिरीश वर्मा सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ