भावांतर भुगतान, अन्नदाता का सम्मान-अर्चना चिटनिस

भावांतर भुगतान, अन्नदाता का सम्मान-अर्चना चिटनिस

बुरहानपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में लागू भावांतर भुगतान योजना किसानों की आर्थिक सुरक्षा और सम्मान की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित हो रही है। गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले से प्रदेश के 1 लाख 33 हजार सोयाबीन किसानों के खातों में 233 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इस योजना के अंतर्गत बुरहानपुर जिले के 433 किसानों को 65 लाख 33 हजार 734 रुपए सीधे उनके बैंक खातों में भेजे गए। इस अवसर पर बुरहानपुर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री का लाइव प्रसारण जनप्रतिनिधियों, कृषकों और अधिकारियों ने देखा व सुना। कार्यक्रम में कलेक्टर हर्ष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, समर्थ चिटनिस, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, गजेन्द्र पाटिल, ईश्वर चौहान व सुनिल वाघे सहित बड़ी संख्या में किसान एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने कहा कि भावांतर योजना किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। यह राशि किसानों की मेहनत, पसीने और परिश्रम का सम्मान है। उन्होंने कहा किसान कल्याण हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में किसानों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास हो रहे हैं। अन्नदाताओं की मेहनत ने मध्यप्रदेश को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्टता की पहचान दिलाई है। किसान और जवान दोनों देश की रीढ़ हैं-एक सीमा की रक्षा करता है, दूसरा अन्न उपजाता है। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि किसानों को अब लाइन में लगकर एमएसपी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अब माल तौलते ही पैसा सीधे आपके खाते में आएगा। हर सात दिन में मॉडल रेट तय होगा और उसी अनुसार भुगतान किया जाएगा। यह पारदर्शी प्रणाली किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी।

टिप्पणियाँ