विद्यालय में मनाया गया बाल दिवस, बच्चों ने दिखाया अपना हुनर

विद्यालय में मनाया गया बाल दिवस, बच्चों ने दिखाया अपना हुनर

नेपानगर। शुक्रवार 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन पर नगर के स्थानीय विद्यालय सेंट एंटोनी जिनेलिस कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल नेपानगर में बाल दिवस कार्यक्रम बड़े उत्साह से मनाया गया। सर्वप्रथम विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर टीना  एवं उप-प्राचार्या सिस्टर बीना द्वारा दीप प्रज्वलित कर पंडित नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। साथ ही विद्यालय में आयोजित त्रैमासिक परीक्षा में कक्षा नर्सरी से कक्षा बारहवीं तक के जिन विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था उन्होंने नेहरू जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के शिक्षकों द्वारा प्रार्थना की गई। तदुपरांत विद्यालय के शिक्षक रितेश पाल द्वारा बच्चों के मानसिक विकास हेतु संबोधन दिया गया। इसमें उन्होंने अपने आशीष वचनों से बच्चों के उज्जवल भविष्य को बनाने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के मनोरंजन हेतु विभिन्न गतिविधियां एवं कार्यक्रम किए गए। इसमें बच्चों से विभिन्न विषयों पर तात्कालिक प्रश्न पूछे गए जिनका उत्तर बच्चों ने बड़े ही उत्साहपूर्ण तरीके से दिए। विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका  डाली मैडम द्वारा बच्चों के लिए प्रेरणादायी उद्बोधन प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के शिक्षक- शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों के लिए मनोरंजन से भरपूर नाटक प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के शिक्षक- शिक्षिकाओं द्वारा समूह गान प्रस्तुत किया गया। जिसके बोल "छोटी- सी आशा, आ चल के तुझे मैं लेकर चलूं , बच्चे मन के सच्चे, किसी की मुस्कुराहटों पर हो निसार किसी का दर्द ले सके तो ले उधर" गीतों पर सुंदर प्रस्तुतियां दी गई। अंत में प्राचार्या सिस्टर टीना ने अपने उद्बोधन में कहा -" बच्चों की मुस्कुराहटों में ही भगवान बसता है।" उन्होंने अपने आशीष वचनों से बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही छात्रों ने प्राचार्या सिस्टर टीना को एक गीत गाने हेतु निवेदन किया जो उन्होंने सहर्ष  स्वीकार कर "तू मेरी ज्योति" प्रार्थना गीत बच्चों को सुनाया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के हेड ब्वाय एवं हेड गर्ल द्वारा आभार व्यक्त किया गया और बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया।

टिप्पणियाँ