“दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान” प्रारम्भ
खंडवा। पशुपालन विभाग के “दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान” का द्वितीय चरण बुधवार से प्रारंभ हो गया। इस अभियान के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में पशु चिकित्सक क्षेत्राधिकारी एवं मैत्रियों के द्वारा पशु पालकों से संपर्क किया जा रहा है। “दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान” के तहत गुरूवार को उप संचालक डॉ. हेमंत शाह ने मूंदी तहसील के ग्राम बावड़िया में पशु पालकों से सम्पर्क कर उन्हें पशु नस्ल सुधार और पशुओं का टीकाकरण कराने के संबंध में समझाइश दी। पशु चिकित्सा विभाग के उप संचालक डॉ. शाह ने बताया कि द्वितीय चरण में उन पशुपालकों से संपर्क किया जा रहा है, जिनके पास 5 से 9 संख्या तक गौवंशीय तथा भैंसवंशीय पशु है। उन्होंने बताया कि विभाग के अधिकारियों द्वारा पशु पालकों को नस्ल सुधार के लिए सेक्स सोर्टेड सीमन का उपयोग, पशु पोषण हेतु संपूर्ण आहार, साइलेज के उपयोग एवं पशुओं के स्वास्थ्य रक्षा के लिये टीकाकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है और इन तकनीकों को अपनाने से पशु पालकों को होने वाले आर्थिक लाभ के बारे में भी समझाया जा रहा है।
एमपी लाइव न्यूज़ डिजिटल के लिए खंडवा से भवानी प्रसाद की रिपोर्ट
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें