सतर्कता से ही मजबूत होता है संस्थान: नेपा लिमिटेड में नेपा विज पत्रिका का विमोचन

सतर्कता से ही मजबूत होता है संस्थान: नेपा लिमिटेड में नेपा विज पत्रिका का विमोचन

नेपानगर। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय के उपक्रम नेपा लिमिटेड के प्रशासनिक भवन स्थित सम्मेलन कक्ष में सोमवार को सतर्कता जागरूकता पर आधारित पत्रिका नेपा विज के द्वितीय अंक का विमोचन किया गया। सीएमडी कमोडोर अरविंद वढेरा विशिष्ट सेवा मेडल ने मुख्य सतर्कता अधिकारी विनीत कुमार भारतीय राजस्व सेवा और मुख्य महाप्रबंधक एवं कारखाना प्रबंधक राम अलागेसन के साथ संयुक्त रूप से पत्रिका का विमोचन किया।

अपने संबोधन में सीएमडी कमोडोर अरविंद वढेरा ने कहा कि सतर्कता के साथ कार्य करना और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाना ही किसी भी संस्थान को मजबूत, विश्वसनीय और टिकाऊ बनाता है। उन्होंने कहा कि सतर्कता कोई भय का विषय नहीं, बल्कि आत्मअनुशासन और पेशेवर ईमानदारी की प्रक्रिया है। जब अधिकारी और कर्मचारी पारदर्शिता के साथ निर्णय लेते हैं, तो न केवल कार्यप्रणाली बेहतर होती है, बल्कि संस्थान की साख भी समाज और राष्ट्र के सामने सुदृढ़ होती है। नेपा लिमिटेड में सतर्कता आधारित कार्यसंस्कृति को और सशक्त बनाने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। ‘नेपा विज’ जैसी पत्रिकाएं जागरूकता बढ़ाने के साथ कर्मचारियों में सकारात्मक सोच और नैतिक दायित्व की भावना को भी मजबूत करती हैं।

मुख्य सतर्कता अधिकारी विनीत कुमार ने कहा कि इस पत्रिका के निर्माण में सभी का योगदान सराहनीय है। पहले अंक को मंत्रालय स्तर से लेकर भारत सरकार के विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों के सीएमडी और निदेशकों द्वारा सराहा गया था। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अधिकारी कर्मचारियों के साथ नगर के विभिन्न कार्यालयों और शालेय विद्यार्थियों को लेखन का मंच देने वाली यह पत्रिका अपने तृतीय अंक में और अधिक सारगर्भित विषयवस्तु के साथ सामने आएगी और सतर्कता के संदेश को और व्यापक बनाएगी।

कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने किया। उन्होंने बताया कि नेपा विज पत्रिका का प्रथम अंक नेपा लिमिटेड के स्थापना दिवस 26 अप्रैल को सीएमडी कमोडोर अरविंद वढेरा के कर कमलों द्वारा विमोचित किया गया था। इस अवसर पर पत्रिका के कवर डिजाइन और संपादन में योगदान देने के लिए आईटी विभाग के आदित्य तिवारी और मीना श्रीवास्तव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर आभार उप प्रबंधक सतर्कता विजयेंद्र चौधरी ने माना।

इस दौरान उप महाप्रबंधक कार्य सुरेंद्र मेहता, प्रबंधक गुणवत्ता नियंत्रण राजेंद्र जाधव, प्रबंधक पेपर मशीन केके देशमुख, प्रबंधक विद्युत किशोर महाजन, प्रबंधक अनुरक्षण विजय चौधरी, प्रबंधक यांत्रिकी महेंद्र केसरी, प्रबंधक वित्त एवं आईटी संजीव कानडे, प्रबंधक इंस्ट्रूमेंटेशन मनीषकांत शर्मा, उप प्रबंधक वाणिज्य सुनील कुमार कुलथे, उप प्रबंधक पावर हाउस सुधीर कुमार पटले, विभागाध्यक्ष डीआईपी देवेंद्र महोबे, तकनीकी सचिव सीएमडी प्रशांत सोनी, विभागाध्यक्ष बीएमटी चंद्रमोहन मिश्रा, विभागाध्यक्ष कर्मचारी संबंध एवं कल्याण दिनेशचंद्र सोवले, विभागाध्यक्ष सुरक्षा संजय पवार, अग्निशमन अधिकारी उदेश नकुल, नेपा मिल श्रमिक संघ अध्यक्ष प्रवीण सोनी, राजेंद्र चौधरी, देवीदास लोखंडे, दीपक सिंह ठाकुर, आशुतोष मिश्रा, ओपी शुक्ला सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

एमपी लाइव न्यूज़ डिजिटल के लिए नेपानगर से संदीप डाहाट की रिपोर्ट

टिप्पणियाँ