विधायक मंजू दादू ने प्रेस वार्ता में कहा नेपानगर विधानसभा में सिंचाई परियोजनाओं की सौगात से आदिवासी अंचल में जल क्रांति की शुरुआत, खुलेंगे खुशहाली के द्वार

विधायक मंजू दादू ने प्रेस वार्ता में कहा नेपानगर विधानसभा में सिंचाई परियोजनाओं की सौगात से 
आदिवासी अंचल में जल क्रांति की शुरुआत, खुलेंगे खुशहाली के द्वार 
- भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ मनोज माने भी रहे मौजूद
- स्व. नंदु भैया व राजेंद्र दादू के प्रयासों को स्मरण कर भावुक हुई विधायक
- खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील का भी माना आभार

बुरहानपुर। नेपानगर विधानसभा के विधायक तथा मेरे पिताजी स्व. राजेंद्र दादू जी ने साल 2010 में विधानसभा में सिंचाई परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जो आधारशिला रखी थी, पूर्व सांसद व प्रदेश अध्यक्ष स्व.श्री नंदकुमार सिंह चौहान जी ने जो प्रयास किये थे,आज उसी का परिणाम है कि इस क्षेत्र में वृहद, मध्यम, सिंचाई परियोजनाओं के साथ डेम,तालाब बैराज आदि की सौगात मिली है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील की आभारी हूँ।
यह बात आज प्रेस वार्ता में नेपानगर विधायक मंजू दादू ने कहीं उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं की स्वीकृति से मेरे विधानसभा में जल क्रांति की शुरुआत हो गई हैं, आने वाले समय में सूखे से तो राहत मिलेगी वही खेतों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी होगा और किसान खुशहाल होंगे। उल्लेखनीय है कि इन परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए नेपानगर विधायक मंजू दादू सतत प्रयासरत थी उनके द्वारा पत्राचार सहित मुख्यमंत्री से भेंट भी की गई थी।
 नावथा वृहद सिंचाई परियोजना 
विधायक मंजू दादू ने बताया कि नावथा परियोजना की कुल लागत रुपये 01 हजार 676 करोड 06 लाख है, इससे नेपानगर तहसील के 90 ग्रामों (ग्राम नागुलखेडा, नावथा से ग्राम लोधीपुरा तक) की 34 हजार 100 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। परियोजना की कुल जीवत जल भराव क्षमता 126.44 मिलीयन घन मीटर एवं जल ग्रहण क्षेत्र 08 हजार 57 वर्ग किलोमीटर है। परियोजना के अंतर्गत 503.53 हेक्टेयर निजी भूमि, 527.56 हेक्टेयर शासकीय भूमि एवं 616.79 हेक्टेयर वन भूमि प्रभावित होगी। इसके अतिरिक्त 08 ग्रामों के 10 परिवार प्रभावित होंगे। परियोजना के तहत बांध, पंप हाउस, राजिंग मेन, पाईप नेटवर्क वितरण प्रणाली एवं स्काडा का कार्य होगा। परियोजना से लगभग 22 हजार 600 किसान परिवार लाभान्वित होंगे।
 झिरमिटी मध्यम सिंचाई परियोजना 
वही झिरमिटी परियोजना की कुल लागत रुपये 922.91 करोड़ है, खकनार तहसील के 42 ग्रामों (ग्राम शेखापुर रैयत से ग्राम झारी खेडा, खालवा तहसील तक) की 17 हजार 700 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। परियोजना की कुल जीवत जल भराव क्षमता 59.58 मिलीयन घन मीटर एवं जल ग्रहण क्षेत्र 07 हजार 164 वर्ग किलोमीटर है। परियोजना के अंतर्गत 241.69 हेक्टेयर निजी भूमि, 641.88 हेक्टेयर शासकीय भूमि एवं 10.30 हेक्टेयर वन भूमि प्रभावित होगी। परियोजना के तहत बैराज, बेलेसिंग रिजर्व बायर, पंप हाउस, राजिंग मेन, पाईप नेटवर्क वितरण प्रणाली एवं स्काडा का कार्य होगा। परियोजना से लगभग 11 हजार 800 किसान परिवार लाभान्वित होंगे।
तीन अन्य परियोजनाओं की भी सौगात 
विधायक मंजू दादू ने बताया कि मेरे विधानसभा में तीन अन्य परियोजनाओ की भी सौगात मिली है फूल धावड़ी डेम (अम्बा तालाब) परियोजना की कुल लागत रुपये 3858.00 लाख है, जिसमें 1286 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। कालमाटी बैराज परियोजना की कुल लागत रुपये 940.04 लाख है, जिसमें 540 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। रेतघाट (महल गुराडा) बैराज परियोजना की कुल लागत रुपये 360.00 लाख है, जिसमें 207 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इन सभी परियोजना के तहत बैराज, बेलेसिंग रिजर्व बायर, पंप हाउस, राजिंग मेन, पाईप नेटवर्क वितरण प्रणाली एवं स्काडा का कार्य होगा। परियोजना से क्षेत्र के हजारों किसान परिवार लाभान्वित होंगे। प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ मनोज माने, महामंत्री चिंतामन महाजन, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती आरती नीलेश चौकसे, भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश पूर्वे आदि मौजूद रहे।

एमपी लाइव न्यूज़ डिजिटल के लिए बुरहानपुर से ब्यूरो संदीप डाहाट की रिपोर्ट

टिप्पणियाँ