खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के सतत प्रयास से शासकीय महाविद्यालय को 2.08 करोड़ की ऐतिहासिक सौगात

खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के सतत प्रयास से शासकीय महाविद्यालय को 2.08 करोड़ की ऐतिहासिक सौगात


बुरहानपुर। खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के सतत प्रयास से जिले के शासकीय महाविद्यालय खकनार में नवीन एवं अतिरिक्त भवन निर्माण हेतु 2 करोड़ 8 लाख 52 हजार रुपये की महत्वपूर्ण राशि स्वीकृत की गई है। यह स्वीकृति न केवल बुरहानपुर जिले के लिए, बल्कि संपूर्ण खंडवा संसदीय क्षेत्र के उच्च शिक्षा ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। इस शैक्षणिक सौगात के लिए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाने के लिए निरंतर ठोस और दूरदर्शी निर्णय ले रही है।
विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिलेगा
सांसद पाटील ने जानकारी देते हुए बताया कि इस स्वीकृत राशि से खकनार स्थित शास.महाविद्यालय में दो अतिरिक्त आधुनिक भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन भवनों में आधुनिक कक्षाएं, शैक्षणिक सुविधाएं एवं आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार शिक्षा से सशक्त भारत के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। यह स्वीकृति न केवल शैक्षणिक संस्थानों के भौतिक संसाधनों में वृद्धि करेगी, बल्कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता एवं भविष्य के अवसरों को भी नई दिशा प्रदान करेगी। सांसद पाटील ने विश्वास व्यक्त किया कि इन नवीन अतिरिक्त भवन के निर्माण से ग्रामीण एवं शहरी अंचलों के विद्यार्थियों को समान अवसर प्राप्त होंगे, उच्च शिक्षा के प्रति रुझान बढ़ेगा तथा बुरहानपुर जिले का शैक्षणिक भविष्य और अधिक मजबूत, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनेगा।

एमपी लाइव न्यूज़ डिजिटल के लिए बुरहानपुर से संदीप डाहाट की रिपोर्ट

टिप्पणियाँ