यूपीएससी में चयनित 61 प्रतिभाओं से मिला सफलता का मंत्र, नेपानगर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने देखा प्रेरक संवाद

यूपीएससी में चयनित 61 प्रतिभाओं से मिला सफलता का मंत्र, नेपानगर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने देखा प्रेरक संवाद

नेपानगर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पंडित जवाहरलाल नेहरू शासकीय महाविद्यालय नेपानगर में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मोहन यादव द्वारा आयोजित ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम का सामूहिक रूप से अवलोकन किया।

इस कार्यक्रम में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में मध्यप्रदेश से चयनित 61 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान किया गया तथा उनके अनुभव साझा किए गए। चयनित युवाओं ने अपने संघर्ष, निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प को सफलता का मूल मंत्र बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद यदि संकल्प मजबूत हो और निरंतर प्रयास किया जाए तो सफलता अवश्य प्राप्त होती है।

कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा साकल्ले के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक होते हैं। चयनित विद्यार्थियों के अनुभव यह सिद्ध करते हैं कि मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर अध्ययन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभी से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासनपूर्वक अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. राजू सपकाले, डॉ. मायाराम चौहान, डॉ. संजू सपकाले तथा प्रो. चन्द्रपाल सिंह रावत सहित विद्यार्थियों ने सहभागिता की। सभी विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के प्रेरक विचारों और चयनित युवाओं के अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनसे प्रेरणा ग्रहण की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने कहा कि ऐसे संवाद उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति अधिक गंभीर और समर्पित बनने की प्रेरणा देते हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने भी भविष्य में विद्यार्थियों के लिए इसी प्रकार के प्रेरक एवं मार्गदर्शक कार्यक्रमों का आयोजन करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।  यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक सिद्ध हुआ।

एमपी लाइव न्यूज़ डिजिटल के लिए नेपानगर से संदीप डाहाट की रिपोर्ट

टिप्पणियाँ