विश्व पर्यावरण दिवस पर मोहना ब्लडी में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
बुरहानपुर। 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के वृक्ष गंगा अभियान के अंतर्गत ग्राम बोदरली स्थित मोहना ब्लडी पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश पाटीदार के मार्गदर्शन में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बोदरली, वृक्ष गंगा अभियान से जुड़े पर्यावरण मित्रों एवं ग्रामवासियों ने मिलकर पौधारोपण किया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला गया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मोहना ब्लडी क्षेत्र में लगभग 7 वर्ष पूर्व किए गए वृहद वृक्षारोपण का अवलोकन भी किया गया। उस समय लगाए गए हजारों पौधे आज घने और सुंदर जंगल का रूप ले चुके हैं। इस हरित क्षेत्र को देखकर डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ग्रामपंचायत बोदरली ग्रामवासियों एवं पर्यावरण मित्रों द्वारा किए जा रहे सतत पर्यावरणीय प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। पर्यावरण मित्र संजय राठौड़ ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आज से 30 अक्टूबर तक वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा, नियमित सिंचाई एवं संरक्षण की जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही आवश्यक है, तभी वृक्षारोपण सार्थक होगा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में सुधाकर चौधरी, मोहन चव्हाण, गिरधारीलाल वास्कले, योगेश सूर्यवंशी, ईश्वर महाराज, पर्यावरण मित्र संजय राठौड़ सहित अनेक पर्यावरण प्रेमियों ने सहभागिता की। डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार के पिता एवं पुत्र ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी सुरक्षा करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण बनाने का संकल्प लिया।
एमपी लाइव न्यूज़ डिजिटल के लिए बुरहानपुर से संदीप डाहाट की रिपोर्ट
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें