वर्षों पुरानी सीवरेज की समस्या से रहवासी परेशान, रोड़ पर आता है गंदा पानी
नेपानगर। नगर के वार्ड क्रमांक 02 में ड्रेनेज एवं सीवरेज लाइन की समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है। स्थिति यह है कि हर 3-4 दिनों में सीवरेज लाइन चोक हो जाती है, जिसके कारण गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। संदीप अग्रवाल के घर से लेकर बैंडार ऑफिस तक आए दिन सीवरेज का पानी सड़क पर फैल जाता है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय रहवासी श्री कुमार देशमुख सहित अन्य नागरिकों द्वारा इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों को की जा चुकी है। यहां तक कि सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई, लेकिन समाधान करने के बजाय केवल आश्वासन देकर शिकायत को बंद कर दिया गया। समस्या की जानकारी मिलने पर समाजसेवी राजेश पटेल मौके पर पहुंचे और क्षेत्रवासियों के साथ स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे तथा सीवरेज लाइन की सफाई कर अस्थायी समाधान किया गया। इस दौरान राजेश पटेल ने नगर पालिका अधिकारियों से कहा कि बार-बार उत्पन्न होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े। गौरतलब है कि इसी मार्ग से निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का प्रतिदिन आवागमन रहता है। सड़क पर फैले गंदे पानी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं नगर पालिका से मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान करते हुए संबंधित क्षेत्र की सीवरेज लाइन का तकनीकी परीक्षण कराया जाए तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराया जाए, जिससे आमजन को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
एमपी लाइव न्यूज़ डिजिटल के लिए नेपानगर से संंदीप डाहाट की रिपोर्ट
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें