जनसहयोग से भरे सड़क के गड्ढे, नगर पालिका से स्थायी निर्माण की मांग
नेपानगर। वार्ड क्रमांक 02 में जर्जर सड़क से परेशान नागरिकों ने जनसहयोग से सड़क के गड्ढों का भराव कार्य किया। पार्षद श्रीमती अनीशा पटेल के नेतृत्व एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश पटेल लारा की मौजूदगी में भगत सिंह द्वार से सीएमडी बंगले पहुंच मार्ग तक गड्ढों को भरा गया। बताया गया कि इस मार्ग का डामरीकरण करीब सात वर्ष पहले हुआ था, लेकिन वर्तमान में सड़क जगह-जगह से खराब हो चुकी है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से आम नागरिकों के साथ केंद्रीय विद्यालय सहित आसपास के स्कूलों में आने-जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए वार्डवासियों ने स्वयं आगे आकर गड्ढों का भराव किया। पार्षद अनीशा पटेल ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर नगर पालिका अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश पटेल लारा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का कार्य सड़क बनाना नहीं, बल्कि समस्याओं को जिम्मेदारों तक पहुंचाना है। जनसहयोग से किया गया यह कार्य नगर पालिका प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी का स्मरण कराने का प्रयास है। उन्होंने नगर पालिका परिषद से भगत सिंह द्वार से सीएमडी बंगले मार्ग एवं विकास खेल परिसर तक सड़क का शीघ्र स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की। इस दौरान देवीदास चौहान, कुलदीप बैंस, हेमंत पाटिल, अमित दास, ललित, अमित उईके, आकाश इंगले, आकाश पटेल, विजय बार्वे, शेख शकील, राजू पटेल सहित अनेक वार्डवासी उपस्थित रहे।
एमपी लाइव न्यूज़ डिजिटल के लिए नेपानगर से संंदीप डाहाट की रिपोर्ट
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें