गणेश उत्सव व जन्माष्टमी को लेकर आयोजकों की बैठकनिंबोला पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
गणेश उत्सव व जन्माष्टमी को लेकर आयोजकों की बैठक
निंबोला पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
नेपानगर/निंबोला। आगामी गणेश उत्सव एवं जन्माष्टमी को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर निंबोला थाना परिसर में गणेश उत्सव आयोजकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेश प्रतिमा स्थापना, पंडाल, सुरक्षा, यातायात एवं विसर्जन व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने आयोजकों से पंडाल स्थापना एवं आयोजन के लिए नियमानुसार अनुमति लेने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त स्वयंसेवक रखने, आपातकालीन निकासी मार्ग खुले रखने तथा विद्युत व्यवस्था सुरक्षित रखने की समझाइश दी। पंडालों में सीसीटीवी लगाने, जुलूस एवं विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ समन्वय करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित नियम एवं समय के अनुसार उपयोग करने तथा किसी भी विवाद, अशांति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक संदेश प्रसारित नहीं करने की भी अपील की गई। बैठक में नेपानगर एसडीओपी सुरेश महाले एवं थाना प्रभारी निंबोला सहित पुलिस अधिकारी और गणेश उत्सव आयोजक मौजूद रहे। पुलिस ने आमजन से भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
एमपी लाइव न्यूज़ डिजिटल के लिए नेपानगर से संदीप डाहाट की रिपोर्ट
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें