बुरहानपुर में दिव्य गृह-गृह गणेश गायत्री यज्ञ को लेकर उत्साह, घर-घर जाकर हो रहा है पंजीयन
बुरहानपुर। जिले में शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन और गायत्री परिवार के तत्वावधान में आगामी आयोजनों को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। गायत्री परिवार के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर की मुख्य कॉलोनियों के साथ-साथ बुरहानपुर से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर संपर्क कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को 'दिव्य गृह-गृह गणेश गायत्री यज्ञ' के आध्यात्मिक और वैचारिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। अभियान के तहत गायत्री परिवार की ओर से यज्ञ करने वाले परिवारों को विशेष हवन किट प्रदान की जा रही है। इस किट में हवन सामग्री, पवित्र समिधा (लकड़ी) और कंडे (उपले) शामिल हैं। इसके साथ ही, प्रत्येक पंजीकृत परिवार को माता गायत्री का चित्र, वैचारिक साहित्य और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर सदवाक्यों के स्टिकर्स भी दिए जा रहे हैं, ताकि घर का वातावरण आध्यात्मिक और संस्कारित बन सके आयोजकों ने बताया कि भाग लेने वाले परिवारों को पूजा के लिए अपने घर पर ही हलवे का प्रसाद और एक नारियल का गोला पूजन में रखने के लिए तैयार करना होगा। साथ ही, केवल अपनी सामान्य पूजा की थाली रखनी है। यदि घर में हवन कुंड उपलब्ध नहीं है, तो ईंटों का उपयोग करके आसानी से चार ईंटों का छोटा कुंड बनाकर भी यज्ञ संपन्न किया जा सकता है। सार्वजनिक और गृह-गृह यज्ञ को लेकर शहर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में नागरिकों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। अधिकांश क्षेत्रों में पंजीयन का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि कुछ ही स्थानों पर प्रक्रिया शेष है। गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने सभी इच्छुक परिवारों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीयन अवश्य करवा लें, ताकि समय पर हवन सामग्री और किट का वितरण किया जा सके। इस आध्यात्मिक अभियान से जुड़ने को लेकर धर्मप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
एमपी लाइव न्यूज़ डिजिटल के लिए बुरहानपुर से संदीप डाहाट की रिपोर्ट
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें