भड़काऊ पोस्ट से रहें दूर, लाइक और फॉरवर्ड करने से भी बचें आपत्तिजनक ऑनलाइन सामग्री फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
भड़काऊ पोस्ट से रहें दूर, लाइक और फॉरवर्ड करने से भी बचें
आपत्तिजनक ऑनलाइन सामग्री फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
बुरहानपुर। सोशल मीडिया पर बढ़ती आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री को लेकर बुरहानपुर पुलिस ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर ऐसी किसी भी पोस्ट को शेयर, लाइक अथवा फॉरवर्ड नहीं करने की अपील की है, जिससे धार्मिक या जातिगत भावनाएं आहत हो सकती हैं अथवा समाज में तनाव और अशांति की स्थिति निर्मित हो सकती है।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक एवं जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री से पूरी तरह बचना चाहिए।
बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर भड़काऊ, अपमानजनक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों को ऐसी सामग्री से दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी है।
सोशल मीडिया सेल रख रहा नजर
बुरहानपुर पुलिस की सोशल मीडिया सेल लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्टों पर नजर रख रही है। वहीं प्रत्येक थाना स्तर पर स्थापित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल के माध्यम से भी ऑनलाइन गतिविधियों की सतत निगरानी की जा रही है।
संदिग्ध पोस्ट की पुलिस को दें सूचना
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके संज्ञान में कोई भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट अथवा अन्य संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि आती है तो उसे आगे प्रसारित करने के बजाय तत्काल नजदीकी थाने में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क या साइबर सेल को इसकी सूचना दें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
एमपी लाइव न्यूज़ डिजिटल के लिए बुरहानपुर से संदीप डाहाट की रिपोर्ट
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें